बीजापुर। जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा गांव के पास जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, जिंदा कारतूस, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
संयुक्त टीम ने चलाया सर्चिंग अभियान
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक बीजापुर के निर्देशन में फरसेगढ़ पुलिस, DRG बीजापुर और BDS की संयुक्त टीम को बड़ेआलवाड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में रवाना किया गया। सर्चिंग के दौरान टीम को संदिग्ध रूप से छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। इसके बाद BDS टीम ने सुरक्षा प्रक्रिया और डिमाइनिंग के बाद सामग्री को सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया।
315 बोर का कट्टा और 108 जिंदा कारतूस मिले
बरामद सामान में 315 बोर का एक देशी कट्टा, 315 बोर के 49 जिंदा राउंड, 303 रायफल के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 34 कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा 303 रायफल की बट प्लेट, बोल्ट, खाली मैगजीन और अन्य पुर्जे भी बरामद किए गए।
8 किलो जिलेटिन और वॉकी-टॉकी भी जब्त
सुरक्षाबलों ने मौके से करीब 8 किलोग्राम जिलेटिन, छह वॉकी-टॉकी सेट चार्जर सहित, एक मेन पेक सेट, इलेक्ट्रॉनिक और कॉपर वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर, बैटरी, सेल, स्विच, सॉकेट और अन्य विस्फोटक सामग्री व उपकरण भी बरामद किए हैं।
नक्सली गतिविधियों में इस्तेमाल की आशंका
पुलिस को आशंका है कि बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षाबलों को निशाना बनाने या अन्य नक्सली गतिविधियों में किया जाना था। फिलहाल सभी सामग्री को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में सर्चिंग जारी
बरामदगी के बाद आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने सर्चिंग तेज कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह सामग्री किस नक्सली दल या संगठन ने छिपाकर रखी थी और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका थी।





