जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के समीप स्थित ग्राम पंचायत आड़ावाल (हल्बा कचोरा) के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का जनपद सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास सभापति श्रीमती श्रीति शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में मौजूद बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, पोषण, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें प्रारंभिक शिक्षा और पोषण संबंधी सभी सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए पढ़ाई के साथ प्रतिदिन खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाना आवश्यक है। साथ ही बीमार बच्चों के समय पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
श्रीमती शर्मा ने किशोरी बालिकाओं और गर्भवती महिलाओं को शासन की योजनाओं के तहत नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक प्रत्येक योजना का लाभ समय पर पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। ऐसे में प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ निर्वहन करें, ताकि बच्चों, किशोरियों और माताओं को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।





