बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची Alliance Air की फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान दाईं ओर का टायर फट गया। विमान में करीब 60 यात्री सवार थे। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।

लैंडिंग के दौरान अचानक फटा टायर

जानकारी के अनुसार, Alliance Air के विमान ने शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए उड़ान भरी थी। करीब ढाई घंटे से अधिक की यात्रा के बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर उतर रहा था। इसी दौरान विमान के दाईं ओर का टायर अचानक फट गया।

बताया जा रहा है कि टायर फटने के बाद उसमें आग लगने जैसी स्थिति भी बनी और विमान रनवे पर कुछ दूरी तक आगे बढ़ता रहा। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

विमान में सवार थे 60 यात्री

घटना के समय विमान में करीब 60 यात्री मौजूद थे। लैंडिंग के दौरान अचानक हुई इस घटना से विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, विमान को सुरक्षित नियंत्रित कर लिया गया और किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। टायर फटने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।