बिलासपुर, 14 जुलाई 2026। शहर में एक फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों की कथित मनमानी का मामला सामने आया है। एसएसपी कार्यालय के सामने उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बकाया ईएमआई का हवाला देते हुए क्रेन की मदद से एक कार जब्त करने पहुंच गए। उस वक्त कार के भीतर एक गर्भवती महिला भी मौजूद थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रिकवरी टीम ने कार के सामने क्रेन लगाकर वाहन उठाने की तैयारी शुरू कर दी। इसका कार मालिक ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।


पुलिस की मौजूदगी में हुई बातचीत के बाद कार मालिक ने बकाया ईएमआई जमा कर दी, जिसके बाद फाइनेंस कंपनी ने वाहन जब्त नहीं किया और मामला शांत हो गया।

हालांकि, पूरे घटनाक्रम के दौरान हुए तनाव के चलते कार में बैठी गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल महिला की मदद की और उसे संभाला।

दूसरी ओर, फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी कार मालिक पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वाहन की कई ईएमआई लंबे समय से बकाया थीं। कंपनी का दावा है कि विवाद को बढ़ाने के उद्देश्य से कार मालिक ने अपनी पत्नी को मौके पर बुलाया और जानबूझकर हंगामा कराया।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलती है, तो उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।