बिलासपुर। शादी से पहले बड़े-बड़े दावे कर युवती और उसके परिवार को भरोसे में लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने खुद को BITS Pilani से B.Tech पास और जयपुर की एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर बताते हुए सालाना 48 लाख रुपये पैकेज का दावा किया। इसके साथ ही उसने अपने परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन और पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपये होने की जानकारी भी दी। इन दावों पर भरोसा कर युवती ने शादी के लिए सहमति दे दी, लेकिन शादी के दौरान ही कई बातें संदिग्ध लगने लगीं।

मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने युवक हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती का आरोप है कि शादी से पहले और शादी के दौरान अलग-अलग बहाने से उसके परिवार से करीब 6.76 लाख रुपये भी लिए गए।


2022 में दोबारा हुई मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से जशपुर की रहने वाली 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही है। हर्षदीप उसके साथ हाईस्कूल में पढ़ता था। वर्ष 2022 में दोनों की दोबारा मुलाकात हुई, जिसके बाद बातचीत और मिलना-जुलना शुरू हुआ।

मई 2024 में हर्षदीप ने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने परिवार की सहमति के बाद ही शादी करने की बात कही। इसके बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी स्थित एक कैफे में मुलाकात के दौरान युवक ने अपना बायोडाटा दिया।


B.Tech और 48 लाख के पैकेज का किया दावा

शिकायत के अनुसार, बायोडाटा में युवक ने खुद को BITS Pilani से B.Tech पास बताया था। उसने दावा किया कि वह जयपुर की एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर के पद पर काम कर रहा है और उसकी सालाना आय 48 लाख रुपये है।

इसके अलावा युवक ने अपने पिता के व्यवसाय का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपये और परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन होने की जानकारी दी थी। युवती और उसके परिवार ने इन दावों को सही मानते हुए शादी के लिए सहमति दे दी।


शादी से पहले खातों में ट्रांसफर कराए गए पैसे

इसके बाद 12 मार्च 2026 को बिलासपुर के एक होटल में दोनों की शादी हुई। शिकायत में आरोप है कि शादी का खर्च युवक के पिता द्वारा उठाने की बात कही गई थी। लेकिन शादी से पहले फरवरी और मार्च के दौरान अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर युवक और उसकी मां के खातों में कुल 4.96 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके अलावा युवक ने अपने खाते में 60 हजार रुपये भी लिए।


शादी की रात खुलने लगी कथित दावों की पोल

युवती के मुताबिक, शादी की रात टेंट और कैटरिंग का काम शुरू नहीं हुआ। पूछताछ करने पर पता चला कि संबंधित लोगों को केवल 10-10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को 90 हजार रुपये और उसके मामा ने टेंट संचालक को 90 हजार रुपये का भुगतान किया।

अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान नहीं होने के कारण होटल प्रबंधन ने युवक की कार रोक ली। इसके बाद युवक और उसके पिता के मोबाइल फोन बंद हो गए।


न B.Tech की डिग्री, न 48 लाख की नौकरी

शिकायत के अनुसार, पूरे मामले पर संदेह होने के बाद युवती ने युवक से पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने BITS Pilani में पढ़ाई नहीं की और उसके पास वह नौकरी भी नहीं है, जिसका उसने शादी से पहले दावा किया था। उसने बताया कि वह अपने पिता के साथ इमू ऑयल के कारोबार से जुड़ा है।


शादी में मिले जेवर भी नकली होने का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि शादी में मिले जेवरों की जांच कराने पर वे भी नकली निकले। इसके बाद उसने जशपुर पुलिस से शिकायत की। वहां शून्य पर एफआईआर दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर पुलिस को भेजी गई।

अब बिलासपुर पुलिस ने हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बायोडाटा में किए गए दावों, पैसों के लेन-देन, शादी के खर्च और जेवर से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।


बिलासपुर में परिवार के साथ रह रहा था आरोपी

बिलासपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के अनुसार, युवक मूल रूप से जशपुर का रहने वाला है और वर्तमान में बिलासपुर के स्वर्णिमा एरा टाउनशिप में परिवार के साथ रह रहा था। मामले में बेटे और उसके माता-पिता को आरोपी बनाया गया है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।