जशपुर। खरीफ सीजन के बीच किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जशपुर जिले में सघन जांच अभियान चलाया। पत्थलगांव क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने खाद और बीज विक्रेताओं की कई दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो दर्जन से अधिक उर्वरकों के नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए भेजे गए, जबकि अनियमितता और अवैध भंडारण की आशंका के चलते तीन दुकानों को सील कर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा खाद और बीज निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि नकली अथवा मानकविहीन खाद-बीज की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।