रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में वार्ड पार्षद पर लोहे के जैक रॉड से हमला करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान के सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का जैक रॉड भी बरामद कर लिया है।
झगड़ा शांत कराने पहुंचे थे पार्षद
पुलिस के अनुसार, घटना 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर लौट रहे थे। पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट हो रही थी। पार्षद बीच-बचाव करने और झगड़ा शांत कराने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद कमल सारथी ने समझाइश दिए जाने से नाराज होकर पार्षद से विवाद शुरू कर दिया।
सिर पर जैक रॉड से वार करने का आरोप
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पार्षद के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने लोहे के जैक रॉड से विजय चौहान के सिर पर हमला कर दिया। हमले में पार्षद घायल हो गए। घटना के बाद उनके पिता ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
फरार आरोपी घर लौटते ही पकड़ा गया
घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपता रहा। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी और मुखबिरों को भी सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने घर वापस आया है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जीजा से विवाद के दौरान हुआ था झगड़ा
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका अपने जीजा के साथ विवाद चल रहा था। इसी दौरान पार्षद विजय चौहान ने बीच-बचाव कर उसे रोकने की कोशिश की, जिससे वह नाराज हो गया और कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल जैक रॉड जब्त कर लिया।
न्यायालय में पेश, रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमल सारथी (26), निवासी पुराना बस स्टैंड सारंगढ़, थाना जूटमिल रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।





