रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कलेक्ट्रेट के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ एक बाबू को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सर्पदंश से मृत महिला के परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता (मुआवजा) जारी कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बुलाकी निवासी विजय सिदार ने ACB से शिकायत की थी कि उनकी पत्नी की सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन की ओर से स्वीकृत मुआवजा राशि उनके बैंक खाते में जारी कराने के लिए राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

योजना बनाकर ACB ने बिछाया जाल

शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी बाबू ने रिश्वत के रूप में 50 हजार रुपये का चेक स्वीकार किया, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी राजकुमार सिदार रायगढ़ जिला कलेक्ट्रेट के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में बाबू के पद पर कार्यरत है। कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मुआवजा जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सर्पदंश से मृत महिला के परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि बैंक खाते में जारी कराने के बदले आरोपी ने रिश्वत की मांग की थी। शिकायत सही पाए जाने पर ACB ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।