बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। बिलासपुर जिले में अब तक 7 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें पांच मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुके हैं, जबकि दो मरीजों का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है। मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क कर निगरानी बढ़ा दी है।
75 वर्षीय महिला का भी चल रहा इलाज
अस्पताल में भर्ती दो मरीजों में एक 75 वर्षीय महिला भी शामिल हैं। राहत की बात यह है कि उनकी हालत में सुधार हुआ है और उन्हें आईसीयू से बाहर लाया जा चुका है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, संक्रमित मिले एक 30 वर्षीय मरीज की रायपुर की ट्रैवल हिस्ट्री सामने आई है।
CIMS से PHC-CHC तक बढ़ी सतर्कता
स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम और संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए निगरानी तेज कर दी है। CIMS, जिला अस्पताल के साथ ही PHC और CHC स्तर पर भी स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सर्दी, खांसी, बुखार और सांस संबंधी परेशानी जैसे लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों की पहचान तथा आवश्यक जांच और उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
7 में से 5 मरीज स्वस्थ
जिले में मिले सात H1N1 संक्रमितों में से पांच मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि दो मरीजों का उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों की स्थिति के साथ संक्रमण के संभावित स्रोतों पर भी नजर बनाए हुए है।
देश के अन्य हिस्सों में भी H1N1 के मामलों में मौसमी बढ़ोतरी देखी जा रही है। ICMR के अनुसार वर्तमान में फैल रहा वायरस परिचित मौसमी H1N1 स्ट्रेन है और किसी नए अधिक खतरनाक स्ट्रेन की पुष्टि नहीं हुई है। विशेषज्ञों ने लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने और लक्षण गंभीर होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की बात कही है।





