बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जीआरपी (Government Railway Police) को बड़ी सफलता मिली है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 55 किलोग्राम गांजा के साथ दो महिलाओं और दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 27 लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के रीवा ले जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने संदेह के आधार पर जांच की, जिसमें आरोपियों के पास से 32 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसके बाद चारों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी ओडिशा और मध्यप्रदेश के निवासी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा गांजे की खेप किसे सौंपी जानी थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जीआरपी थाना बिलासपुर ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




