कोंडागांव। कोंडागांव जिले के नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक-4 में मंगलवार शाम एक 40 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विजय सेठिया उर्फ ललित (40 वर्ष), पिता दीनबंधु सेठिया, के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, विजय सोमवार रात अपने कमरे में गया था। मंगलवार सुबह परिवार के सदस्य अपने-अपने काम पर निकल गए। शाम करीब 6 बजे घर लौटने पर भी कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
कमरे के भीतर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। विजय का शव बिस्तर पर खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में उसकी कलाई पर गहरा कट का निशान मिला, जिससे अधिक रक्तस्राव होने की आशंका जताई जा रही है। कमरे में जगह-जगह खून फैला हुआ था। वहीं, पास रखी एक मेज पर ब्लेड भी मिला, जिसे पुलिस ने अन्य साक्ष्यों के साथ जब्त कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।





