बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शराब के लिए पैसे नहीं देने और वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद के बाद थार कार और बाइक में आग लगाने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, जूना बिलासपुर के किलावार्ड देवांगन मोहल्ला निवासी मुकेश कुमार देवांगन (45) ने अपनी महिंद्रा थार कार दयालबंद इलाके में अपने परिचित के कार्यालय के सामने खड़ी की थी। शिकायत में बताया गया कि 16 सितंबर की रात करीब आठ बजे प्रियांशु पानीकर वहां पहुंचा और वाहन खड़ा करने के बदले पैसे मांगने लगा।
पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और वाहन जलाने की बात कही। अगले दिन सुबह थार कार और पास खड़ी पैशन मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ और आगजनी की जानकारी मिली।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 526/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियांशु पानीकर (21), निवासी दयालबंद, बिलासपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को 17 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया। वहीं, घटना में शामिल बताए गए विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।





