रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) के प्रशिक्षु अधिकारियों की फील्ड ट्रेनिंग के लिए अस्थायी पदस्थापना आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के तहत सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न वनमंडलों में उप वनमंडलाधिकारी (SDO Forest) के पद पर तैनात किया गया है।
विभाग के अनुसार यह पदस्थापना प्रशिक्षण अवधि तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान सभी अधिकारी संबंधित वनमंडलों में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद भी उनकी पदस्थापना फिलहाल उसी उप वनमंडल में जारी रहेगी।
इन प्रशिक्षु IFS अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
- कुनाल मिश्रा (2024 बैच) को उप वनमंडलाधिकारी, अंबिकापुर (वनमंडल सरगुजा) बनाया गया है।
- मृगजा जालिंदर यादव (2024 बैच) को उप वनमंडलाधिकारी, कटघोरा (वनमंडल कटघोरा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- परख सारडा (2024 बैच) को उप वनमंडलाधिकारी, सुकमा (वनमंडल सुकमा) में पदस्थ किया गया है।
- प्रीति यादव (2024 बैच) को उप वनमंडलाधिकारी, उत्तर नारायणपुर (वनमंडल नारायणपुर) में तैनाती दी गई है।
- यशस्वी मौर्य (2024 बैच) को उप वनमंडलाधिकारी, राजनांदगांव (वनमंडल राजनांदगांव) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारी फील्ड स्तर पर वन प्रबंधन, संरक्षण कार्यों और विभागीय प्रशासन से जुड़ी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। विभाग ने संबंधित वनमंडलों को भी आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।





