जशपुर। जिले के कुनकुरी में मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर 132 स्मार्टफोन चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि चोरी के मोबाइल झारखंड और पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश में बेच दिए गए। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों से 1.80 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

11 अगस्त की रात हुई थी वारदात

कुनकुरी के तपकरा रोड स्थित मोबाइल दुकान के संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त को थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 11 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद अगले दिन सुबह शटर के दोनों ताले कटे मिले। दुकान में रखे 132 मोबाइल हैंडसेट गायब थे। मौके पर ताला काटने में इस्तेमाल सामान भी मिला था।

CCTV और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग

पुलिस ने घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, टावर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। इस दौरान पास के एक होटल से अहम सुराग मिला। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों ने वहां अपना मोबाइल नंबर दिया था। इसी नंबर के आधार पर जांच आगे बढ़ी और पुलिस टीम झारखंड के साहेबगंज जिले तक पहुंची।

करीब 17 लाख रुपये में मोबाइल बेचने की बात आई सामने

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी के मोबाइल अलग-अलग आरोपियों के जरिए आगे पहुंचाए गए और बाद में इन्हें बांग्लादेश में बेच दिया गया। जांच में मोबाइलों की बिक्री से करीब 17 लाख रुपये मिलने और रकम आपस में बांटने की जानकारी भी सामने आई है। मोबाइल विदेश पहुंच जाने के कारण उनकी बरामदगी अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

पांच आरोपी गिरफ्तार, चार अब भी फरार

पुलिस ने इस मामले में तौसिफ राजा, सेंटू शेख, इकबाल हुसैन उर्फ राणा, अब्दुल बारी उर्फ रूबेल खुराना और अब्दुल अजीज को अलग-अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चोरी के मोबाइलों को ट्रेस करने और वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।