कांकेर। शहर के मांझापारा वार्ड में करीब 12 फीट लंबे अजगर को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। अजगर के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। बताया जा रहा है कि यह अजगर पिछले करीब चार महीने से इलाके में घूम रहा था, जिससे वार्डवासियों में लगातार डर का माहौल बना हुआ था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अजगर झील और आसपास की घनी झाड़ियों में छिपा रहता था और कई बार आसपास के क्षेत्र में दिखाई देता था। विशालकाय अजगर को देखकर लोगों में दहशत फैल जाती थी। खासकर शाम और रात के समय लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे थे।

अजगर की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने करीब 12 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की।

वन विभाग की ओर से अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव या सांप के दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।