बिलासपुर। शहर के खपरगंज इलाके में 28 और 29 अगस्त की दरमियानी रात दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक पक्ष के आठ और दूसरे पक्ष के तीन आरोपी शामिल हैं। इससे पहले पुलिस ने 16 संदिग्धों को हिरासत में लिया था, जबकि दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

एक मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, अपराध क्रमांक 488/2026 में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मौला बक्स उर्फ जुब्बू, शेख अजरूद्दीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मोहम्मद जुनैद शामिल हैं। आरोपी खपरगंज, तालापारा, जूनी लाइन और सरकंडा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

वहीं, अपराध क्रमांक 489/2026 में पुलिस ने राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया है। राजू और राकेश कुंदरापारा, जबकि छत्रपाल डबरीपारा का रहने वाला है।

पथराव में 9 पुलिसकर्मी घायल

हिंसक झड़प के दौरान जमकर पथराव और तोड़फोड़ हुई थी। इसमें छह चार पहिया वाहन, एक ई-रिक्शा और एक बाइक समेत आठ वाहनों को नुकसान पहुंचा। एक दुकान में भी तोड़फोड़ की गई, जबकि एक मकान की खिड़कियों के शीशे टूट गए।

स्थिति संभालने पहुंची पुलिस भी पथराव की चपेट में आ गई। घटना में तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हुए। थाना प्रभारी के सिर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

इलाके में 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात

घटना के बाद खपरगंज और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खपरगंज, तेलीपारा रोड, मध्यनगरी चौक, सिम्स चौक और करोना चौक समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। दूसरे जिलों से भी करीब 350 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया है। पुलिस लगातार पैदल मार्च और पेट्रोलिंग कर रही है।

एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

CCTV और ड्रोन से तलाशे जा रहे उपद्रवी

पुलिस अब हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की जांच जारी है।