जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महज एक हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपने ही दोस्त को कार में बैठाकर जंगल ले गया और वहां लकड़ी के टुकड़े से सिर पर हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
6 हजार में बेचा था मोबाइल, एक हजार रुपये थे बाकी
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 29 वर्षीय राजेश दास के रूप में हुई है। आरोपी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव ने राजेश को करीब 6 हजार रुपये में सेकंड हैंड मोबाइल बेचा था। राजेश ने पांच हजार रुपये दे दिए थे, जबकि एक हजार रुपये देना बाकी था। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
जंगल में ले जाकर सिर पर किया हमला
बताया गया कि 23 सितंबर को आरोपी राजेश को कार में बैठाकर जुरगुम जंगल की ओर ले गया। वहां बकाया रुपये को लेकर दोनों में फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान कैलाश ने जमीन पर पड़े लकड़ी के टुकड़े से राजेश के सिर पर दो बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।
शव फेंका, कपड़े और मोबाइल नदी में डालने का आरोप
हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में गहरे स्थान पर फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी, मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने कपड़ों को अलग-अलग नदियों में फेंककर सबूत नष्ट करने की कोशिश की। कार पर लगे खून के निशान भी पानी से साफ किए गए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है।
एक सप्ताह बाद खुला हत्या का राज
23 सितंबर को रपटा पुलिया के पास अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। जांच और आसपास के गांवों में पूछताछ के बाद मृतक की पहचान राजेश दास के रूप में हुई। जांच की कड़ी आरोपी कैलाश तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के साथ धारा 238 के तहत कार्रवाई की है।





