सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक की कुएं में डूबने से मौत का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की है। मृतक की पहचान सुमेर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक के पैरों में रस्सी के सहारे पत्थरों से भरी बोरी बंधी हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सुमेर सिंह ने कथित तौर पर अपने पैरों में रस्सी बांधकर उसमें भारी पत्थर लटकाए और इसके बाद कुएं में छलांग लगा दी। वजन अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पहले भी दो बार किया था आत्महत्या का प्रयास
रिपोर्ट के मुताबिक, सुमेर सिंह इससे पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। एक बार उसने फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन पेड़ की डाली टूटने से उसकी जान बच गई। दूसरी बार वह कुएं में कूदा था, लेकिन तैरना आने के कारण बाहर निकल गया था।
घटना की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।




