कोरिया छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड में ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर कोरिया जिले के एक युवक से 8 लाख 54 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


बैकुंठपुर के युवक को दिया नौकरी का भरोसा

कोरिया जिले के बैकुंठपुर भट्ठीपारा निवासी अजय तिवारी (28) फरवरी 2025 में ऑल सर्विसेज ग्लोबल कंपनी में काम करते थे। कार्यालय के काम से रायपुर आने-जाने के दौरान उनकी पहचान वीरगांव निवासी दिलीप यादव से हुई। आरोप है कि दिलीप ने उन्हें छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड में नई भर्ती की जानकारी देकर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।


नौकरी के नाम पर मांगे 8 लाख रुपये

अप्रैल 2025 में दिलीप यादव बैकुंठपुर पहुंचा और गंगा श्री होटल में अजय को बुलाया। यहां उसने ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने के बदले 8 लाख रुपये की मांग की। एकमुश्त रकम देने में असमर्थता जताने पर आरोपी ने प्रहलाद तांडी के स्टेट बैंक खाते की जानकारी दी।


किश्तों में ट्रांसफर किए 8.54 लाख

शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने दिए गए बैंक खाते और फोनपे के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 8 लाख 54 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद करीब एक साल तक नौकरी नहीं लगी।


रकम वापस मांगी तो फोन उठाना बंद

लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर अजय ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद दिलीप यादव ने फोन उठाना बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई और बैंक लेन-देन का विवरण भी पुलिस को सौंपा।


दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद दिलीप यादव और प्रहलाद तांडी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस बैंक लेन-देन और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।