रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात सड़क पर हुए विवाद और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अवंति विहार कॉलोनी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात पार्टी से लौट रही कुछ युवतियों का एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि सड़क पर ही हाथापाई शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद में एक युवक और चार युवतियां शामिल थीं। युवक से बहस के बाद युवतियां आपस में भी भिड़ गईं। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।
राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया घटनाक्रम
हंगामे के दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर शहर में चर्चा तेज हो गई है।
विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल युवक और युवतियों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो से भी विवाद की असली वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस की ओर से मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





