मैनपाट। सरगुजा जिले के मैनपाट में लगातार हो रही वर्षा के बीच शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। घुनघुट्टा नदी के उफान के दौरान पुल पार करने की कोशिश कर रहे बाइक सवार युवक और युवती तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद एक स्थानीय ग्रामीण ने जान जोखिम में डालकर रस्सी के सहारे युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि युवक का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के रोपाखार स्थित कैंप नंबर-2 के पास शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, केरल निवासी गौरी नंदन (22) और यदुकृष्ण (25) रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे थे। यहां से किराए पर बाइक लेकर मैनपाट घूमने के लिए निकले थे।
पुल के ऊपर बह रहा था पानी, फिर भी पार करने की कोशिश
बताया जा रहा है कि शाम को दोनों कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घुनघुट्टा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पुल के ऊपर से पानी तेज रफ्तार में बह रहा था। इसके बावजूद दोनों ने बाइक से पुल पार करने का प्रयास किया। बीच पुल पर पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में जा गिरे।
एक किलोमीटर तक बहती चली गई युवती
नदी में बहते हुए युवक-युवती ने मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर नदी के पास रहने वाले समशुद्दीन खान तुरंत रस्सी लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक युवती पानी के तेज बहाव में करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी थी।
समशुद्दीन नदी किनारे दौड़ते हुए युवती तक पहुंचने का प्रयास करते रहे और कई बार उसकी ओर रस्सी फेंकी। आखिरकार युवती ने रस्सी पकड़ ली। इसके बाद ग्रामीण ने काफी मशक्कत कर उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
युवक का नहीं मिला सुराग, सुबह फिर चलेगा रेस्क्यू अभियान
युवती को बचा लिया गया, लेकिन उसके साथ मौजूद युवक तेज बहाव में आगे बह गया। घटना की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
अंधेरा बढ़ने के कारण तलाश अभियान रोकना पड़ा। एसडीआरएफ को भी घटना की सूचना दी गई है। रविवार सुबह एक बार फिर लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।




