रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी के आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार, 1 सितंबर को राज्य के 28 जिलों में हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 2 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
इन 28 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले में हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी रायपुर में भी मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
चांदो में सर्वाधिक 29 सेमी बारिश
बीते 24 घंटों में चांदो में सर्वाधिक 29 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कोटाडोल में 17 सेमी, कुसमी में 13 सेमी, प्रतापपुर और शंकरगढ़ में 12-12 सेमी तथा सामरी में 9 सेमी बारिश हुई। भखारा, धमतरी और रायपुर में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल से उत्तरी तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय मौसम प्रणाली का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। हालांकि, 2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।





