स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मुकाबला टीम इंडिया के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। सीरीज के पहले टेस्ट में जीत के बाद भारत के प्रतिशत अंकों (PCT) में सुधार हुआ था, लेकिन अंक तालिका में उसकी स्थिति नहीं बदली। अब दूसरे टेस्ट में जीत मिलती है तो भारतीय टीम बांग्लादेश को पीछे छोड़कर पांचवें से सीधे चौथे स्थान पर पहुंच सकती है।
ऑस्ट्रेलिया पहले, दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर
मौजूदा WTC अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 80 प्रतिशत PCT के साथ शीर्ष पर है। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया को नुकसान हुआ था, लेकिन दूसरे मुकाबले में जीत के साथ उसने अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत PCT के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत PCT के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं बांग्लादेश 55.56 प्रतिशत PCT के साथ चौथे नंबर पर बना हुआ है।
श्रीलंका को हराते ही चौथे नंबर पर पहुंचेगा भारत
भारतीय टीम फिलहाल 53.33 प्रतिशत PCT के साथ पांचवें स्थान पर है। श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने के बावजूद टीम इंडिया बांग्लादेश को पीछे नहीं छोड़ पाई थी।
अब दूसरे टेस्ट में भारत जीत दर्ज करता है तो उसका PCT बढ़कर 57.57 प्रतिशत हो जाएगा। इसके साथ ही टीम इंडिया 55.56 प्रतिशत PCT वाले बांग्लादेश को पीछे छोड़कर WTC Points Table में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी।
यानी श्रीलंका के खिलाफ एक जीत भारत को अंक तालिका में एक पायदान ऊपर पहुंचाने के साथ WTC की दौड़ में उसकी स्थिति और मजबूत कर सकती है।
श्रीलंका को हार से होगा बड़ा नुकसान
दूसरी ओर, भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हार श्रीलंका की स्थिति और कमजोर कर सकती है। श्रीलंका का मौजूदा PCT 33.33 प्रतिशत बताया गया है। हार के बाद यह घटकर 27.78 प्रतिशत हो सकता है।
इंग्लैंड का PCT 29.76 प्रतिशत होने के कारण ऐसी स्थिति में श्रीलंका अंक तालिका में और नीचे खिसक सकता है।
बारिश बिगाड़ सकती है टीम इंडिया का खेल
मैच में भारत की राह में सबसे बड़ी चुनौती बारिश बनकर सामने आई है। दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन तक भारतीय टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी, लेकिन बारिश के कारण खेल बार-बार प्रभावित हुआ है।
अगर मौसम के कारण ज्यादा समय खराब होता है तो मैच के नतीजे पर असर पड़ सकता है। ऐसे में टीम इंडिया की कोशिश श्रीलंका की पारी को जल्द समेटकर मुकाबला अपने नाम करने की होगी। जीत के साथ भारत न केवल सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत करेगा, बल्कि WTC Points Table में चौथे स्थान पर भी पहुंच जाएगा।





