अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, बस और इनोवा की आमने-सामने टक्कर; महिला की मौत, 7 घायल
सरगुजा संभाग
अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, बस और इनोवा की आमने-सामने टक्कर; महिला की मौत, 7 घायल
· admin
अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के सामने तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा और यात्री बस की आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायल सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
आधी रात हुआ भीषण हादसा
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे अंबिकापुर की ओर आ रही इनोवा क्रिस्टा की बिलासपुर की ओर जा रही पॉपुलर बस से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन के एयरबैग खुलने के बावजूद कार सवारों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद पीछे की सीट पर बैठे लोग वाहन में ही फंस गए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पहुंचाई मदद
घटना के समय रायपुर से लौट रहे लखनपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में सहयोग किया। सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहन से लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
लखनपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दिलीप कुमारी तिग्गा (52 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, अन्य सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में शिव कीर्तन, विजय केरकेट्टा, आसनलाल तिग्गा और तेजकरण का आईसीयू में इलाज चल रहा है। शेष तीन घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।