अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चोरी के शक में एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी ने 20 हजार रुपये चोरी करने का संदेह जताते हुए महिला को इतना पीटा कि उसका पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। समय पर उपचार नहीं मिलने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पड़ोसी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
20 हजार रुपये की चोरी का लगाया आरोप
घटना सीतापुर क्षेत्र के खाल बगीचा स्थित अटल आवास की बताई जा रही है। आरोप है कि संजय चौहान को महिला पर 20 हजार रुपये चोरी करने का शक था। इसी बात को लेकर उसने महिला के साथ मारपीट की। हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसका पैर भी टूट गया।
घंटों घायल अवस्था में पड़ी रही महिला
मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। वह कई घंटों तक घायल अवस्था में पड़ी रही। बाद में आरोपी ने महिला के पति को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बेहोश पड़ी है।
सूचना मिलने पर पति मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
अंतिम संस्कार की तैयारी कर घटना छिपाने का आरोप
मामले में यह आरोप भी सामने आया है कि घटना को छिपाने के लिए महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी संजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस महिला की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




