अभनपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को इलाज और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कथित दुष्कर्म और 44 लाख 42 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार मामला वर्ष 2019 से जुड़ा है। आरोप है कि आरोपी झाड़-फूंक के जरिए महिला के सिरदर्द का इलाज करता था। इसी दौरान उसने महिला का विश्वास हासिल किया। बाद में उसने महिला को CMO के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
नौकरी के नाम पर लिए 44.42 लाख रुपये
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग समय में उससे करीब 44 लाख 42 हजार रुपये लिए। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने और रकम वापस नहीं होने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ। महिला ने आरोपी पर दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
शिकायत के आधार पर अभनपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करने के साथ ही आरोपी की तलाश कर रही है। रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





