आरंग/रायपुर। माता कौशल्या की नगरी चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक निकाली जा रही तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में हजारों कांवड़िए बारिश के बीच आगे बढ़े। करीब 71 किलोमीटर की यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का संदेश दे रही है।
गांव-गांव हुआ कांवड़ियों का स्वागत
यात्रा के दूसरे दिन कांवड़िए ग्राम नारा से रवाना हुए। इसके बाद यात्रा भानसोज, जरोद मोड़, छतौना बस्ती, फरफौद, गुखेरा, परसकोल, गुमा, कोसरंगी मोड़, बाना और बनरसी होते हुए समोदा पहुंची। रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया। समोदा में रात्रि विश्राम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
समोदा पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
समोदा में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया और यात्रा के सामाजिक संदेश की सराहना की। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह यात्रा केवल कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का संदेश देने वाली यात्रा है। उन्होंने गुरु घासीदास बाबा के ‘मनखे-मनखे एक समान’ के संदेश का भी उल्लेख किया।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में प्रेम, समानता, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करना है। तीन दिवसीय यात्रा का अंतिम चरण समोदा से आरंग की ओर बढ़ेगा और बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी में इसका समापन प्रस्तावित है।
आरंग में डॉ. रमन सिंह का स्वागत
समोदा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आरंग पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। नवीन विश्राम गृह में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली।
कन्या महाविद्यालय और ट्रेन स्टॉपेज की उठी मांग
मुलाकात के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने डॉ. रमन सिंह के सामने आरंग क्षेत्र से जुड़ी कई मांगें रखीं। इनमें नवीन कन्या महाविद्यालय की स्थापना और आरंग रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के नियमित ठहराव की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा वार्ड क्रमांक-16 बैहार में सर्विस रोड नहीं होने से लोगों को हो रही परेशानी से भी उन्हें अवगत कराया गया और समाधान के लिए सहयोग मांगा गया।
इस दौरान गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव मिर्धा, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





