बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बाजार स्थित महामाया क्लॉथ स्टोर में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। हादसे में दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

बताया जा रहा है कि कसडोल में जुगत राम साहू का महामाया क्लॉथ स्टोर है। त्योहारों के सीजन को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में नए कपड़ों का स्टॉक रखा गया था। रविवार रात अचानक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने दुकान और उसमें रखे कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल ने मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कसडोल पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान और गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक जल चुका था।

पुलिस कर रही घटना की जांच

फिलहाल आग से हुए नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन नुकसान लाखों रुपये में होने की बात कही जा रही है। आग लगने का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण हादसा हुआ होगा। कसडोल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।