धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में छुट्टी पर घर आए एक आरक्षक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरक्षक का शव कानि डबरी गांव स्थित उसके घर में फंदे पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान रूप नारायण नागवंशी के रूप में हुई है। वह कानि डबरी गांव के रहने वाले थे और बीजापुर जिले के आमापल्ली में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे।
घर में फंदे पर मिला आरक्षक का शव
जानकारी के मुताबिक, छुट्टी के दौरान रूप नारायण नागवंशी अपने घर पर ही थे। इसी बीच उनका शव फंदे पर मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही परिजनों और गांव में शोक का माहौल बन गया।
आरक्षक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब परिजनों से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।





