धमतरी। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र में एक दंतैल हाथी की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। हाथी फिलहाल छुही बीट के कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास विचरण कर रहा है। इसकी लोकेशन मिलने के बाद वन विभाग ने करीब 10 गांवों में अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने की आशंका

वन विभाग के अनुसार, दंतैल हाथी के जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और केरेगांव रेंज की ओर आगे बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों को सतर्क किया गया है। इसके अलावा बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

गांवों में मुनादी, वन अमला कर रहा निगरानी

हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। पीपरछेड़ी और कमारपारा समेत प्रभावित इलाकों में मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से बचने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास न करें।

गरियाबंद की ओर से पहुंचा हाथी

बताया जा रहा है कि दंतैल हाथी गरियाबंद की दिशा से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। उसकी गतिविधियों को देखते हुए करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन अमला लगातार हाथी की लोकेशन ट्रैक कर रहा है और स्थिति के अनुसार ग्रामीणों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी वन कर्मचारी या संबंधित टीम को दें।