रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। मंगलवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम बदला हुआ रहेगा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बागबाहरा में सर्वाधिक 14 सेमी बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। बागबाहरा में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं आरंग, भटगांव, भाखरा और लटोरी में 9-9 सेंटीमीटर तथा कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्रों में बने मौसमी सिस्टम के साथ मानसून द्रोणिका सक्रिय है। झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना अवदाब भी आगे बढ़ रहा है। इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।

आज भारी से अतिभारी बारिश की संभावना

बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है।