रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। बलरामपुर और बीजापुर जिले के कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। हालांकि प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य से करीब सात प्रतिशत कम बनी हुई है।
दुर्ग रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
मौसम के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान और बारिश की स्थिति में अंतर देखने को मिल रहा है।
आज कई इलाकों में बरसेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से रविवार, 9 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में भी रविवार को मौसम बदला हुआ रह सकता है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन 22 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के 22 जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इनमें कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय खुले मैदानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है।





