रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर में देर रात से बारिश का सिलसिला जारी है। सुबह भी कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

बारिश की स्थिति को देखते हुए कई इलाकों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

रायपुर में देर रात से बरस रहे बादल

राजधानी रायपुर में रविवार देर रात से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है। सोमवार सुबह भी शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिली। सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

मनेंद्रगढ़ में अब तक सर्वाधिक 841.8 मिमी बारिश

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 1 जून से 16 अगस्त तक औसतन 708.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में सबसे अधिक 841.8 मिमी बारिश मनेंद्रगढ़ तहसील में हुई है, जबकि सबसे कम 551.0 मिमी बारिश केल्हारी तहसील में दर्ज की गई।

इसके अलावा चिरमिरी तहसील में 804.2 मिमी, खड़गवां में 579.5 मिमी, भरतपुर में 725.5 मिमी और कोटाडोल में 748.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

अगले तीन दिन बारिश से राहत के आसार कम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना कम है। अगले तीन दिनों तक रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। भारी बारिश की चेतावनी वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।