रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले के बोदरी में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। प्रदेश में अब तक की मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बताई गई है।

जगदलपुर और दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा में सबसे कम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर गर्मी और उमस का असर बना रहा। जगदलपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम बदला हुआ रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बोदरी में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश

प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। बोदरी में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर वर्षा हुई। बिलासपुर, सकरी और पथरिया में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

कुमरदा, दुलदुला, मरीन बंगला, देवरी, गोबरा नवापारा और तखतपुर में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। बैकुंठपुर, डोंडीलोहारा, बिल्हा, लालपुर थाना, कोटा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

छिंदगढ़, भाटापारा, अर्जुन्दा, मस्तूरी, राजिम, छुरा, भखारा, छुरिया, दाढ़ी, पचपेड़ी और अंबागढ़ चौकी में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं नांदघाट, कुरूद, गुरूर, चिरमिरी, पाटन, रामचंद्रपुर, गुंडरदेही, धमतरी, बलरामपुर, डोंगरगांव, नवागढ़, बरमकेला और अभनपुर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बंगाल की खाड़ी में तैयार हो रहा नया सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका बीकानेर से होते हुए उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के केंद्र, सीधी, रांची और दीघा से गुजरते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से इसी क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। नया सिस्टम मजबूत होने पर छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

अगले चार दिन उत्तर छत्तीसगढ़ पर ज्यादा असर

मौसम तंत्र के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। वहीं अन्य क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार बने हुए हैं।