सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाइल्ड क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) की टीम ने बाघ की खाल बरामद की है। जबलपुर से पहुंची टीम ने देर रात धारसेड़ी गांव में छापा मारकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। मामले में पूछताछ जारी है और वन्यजीव तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर वनमंडल के अंतर्गत आने वाले धारसेड़ी गांव में गुप्त सूचना के आधार पर WCCB की टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने एक बाघ की खाल बरामद की और मौके से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है।
प्रारंभिक जांच में वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनकी खाल की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
गौरतलब है कि सूरजपुर और आसपास के इलाकों में पहले भी वन्यजीवों की खाल की तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल वाइल्ड क्राइम कंट्रोल ब्यूरो और संबंधित विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हैं।




