सुकमा। जिले के जिरमपाल पंचायत के डब्बारास गांव में सोमवार शाम भीषण आग लगने से एक ग्रामीण का कच्चा मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर में रखा नकदी, जरूरी दस्तावेज, कपड़े और गृहस्थी का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।

घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। परिवार के पास दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भी नहीं बची हैं, जिससे उनके सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को खाद्यान्न, तिरपाल, वस्त्र और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन से नुकसान का आकलन कर शीघ्र सहायता देने की उम्मीद जताई जा रही है।

सुकमा: धार्मिक अनुष्ठान को लेकर दो पक्षों में विवाद, पुलिस की मौजूदगी में हालात शांत

सुकमा। जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र में धार्मिक अनुष्ठान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जिससे गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। विवाद के दौरान कुछ परिवारों के घरों में तोड़फोड़ किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। ग्रामीणों के अनुसार, इस विषय पर पहले आपसी सहमति बन चुकी थी, लेकिन सोमवार को धान की बुआई के दौरान विवाद फिर उभर आया।

घटना के बाद क्षेत्र में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पुलिस के अनुसार क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।