बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के नवाडीह बांध में पानी का रिसाव ठीक करने उतरे एक ग्रामीण की वेस्ट वियर में फंसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार मरावी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ FIR और उचित मुआवजे की मांग की है।

बताया जा रहा है कि शव निकालने के लिए बांध का पानी खाली कराना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद राजकुमार का शव बाहर निकाला जा सका।


बिना सुरक्षा इंतजाम बांध में उतारने का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक नवाडीह बांध से लगातार पानी का रिसाव हो रहा था। आरोप है कि रिसाव को ठीक करने के लिए राजकुमार मरावी को पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के बिना बांध में उतारा गया।

काम के दौरान वह वेस्ट वियर में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव निकालने के प्रयास किए गए और बांध से पानी खाली कराने के बाद शव बरामद किया गया।


मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह

घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।

हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी देखने को मिली। परिजन इस बात की जांच की मांग कर रहे हैं कि ग्रामीण को बांध में किसके निर्देश पर उतारा गया और काम के दौरान सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए थे।


मुआवजे और FIR की मांग पर अड़े परिजन

मृतक के परिजनों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनकी मांग है कि परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

परिजनों ने मांगें पूरी होने तक शव लेने से इनकार करने की बात कही है। फिलहाल इन आरोपों पर सिंचाई विभाग का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है।

अब प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के लिए किन परिस्थितियों और किस स्तर की लापरवाही की भूमिका रही।