मुंबई। अभिनेत्री विद्या बालन एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी में हैं। वह जल्द ही निर्देशक आर. बाल्की के साथ एक नई तमिल फिल्म में काम करती नजर आएंगी। करीब 17 साल बाद विद्या और आर. बाल्की की जोड़ी फिर साथ आई है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर फिल्म की शुरुआत की जानकारी दी है।
फिलहाल फिल्म के नाम और कहानी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि विद्या की पोस्ट से साफ है कि प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है।
स्क्रिप्ट के साथ दिखीं विद्या बालन
विद्या बालन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म के सेट से एक तस्वीर साझा की। तस्वीर में वह हाथ में स्क्रिप्ट लिए नजर आ रही हैं। उन्होंने चश्मा लगाया हुआ है और लंबे बालों की चोटी बनाई हुई है, जिससे उनके किरदार की शुरुआती झलक भी मिलती है।
तस्वीर के साथ विद्या ने “नई शुरुआत” लिखते हुए आर. बाल्की और अपनी नई तमिल फिल्म का जिक्र किया।
‘पा’ के बाद फिर साथ आए विद्या और आर. बाल्की
विद्या बालन और आर. बाल्की इससे पहले वर्ष 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘पा’ में साथ काम कर चुके हैं। फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे। अब करीब 17 साल बाद दोनों एक नए प्रोजेक्ट के लिए फिर साथ आए हैं।
नई फिल्म की कहानी और विद्या के किरदार से जुड़ी जानकारी अभी गोपनीय रखी गई है।
‘जेलर 2’ में भी नजर आएंगी विद्या
इस नई तमिल फिल्म के अलावा विद्या बालन के पास एक और बड़ा प्रोजेक्ट है। वह रजनीकांत की ‘जेलर 2’ में भी नजर आएंगी। फिल्म में वह विद्या कांथा नाम का किरदार निभा रही हैं।
फिल्म से उनका पहला लुक भी जारी किया जा चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती की बड़ी बेटी की भूमिका निभा सकती हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
‘जेलर 2’ को 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।





