भाजपा ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र, कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने की अपील

जगदलपुर। आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भाजपा ने अब जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को जगदलपुर में आयोजित संभागीय एवं जिला कार्यसमिति की बैठक में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि चुनावी सफलता केवल रणनीतियों से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच लगातार संपर्क से मिलती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके बूथ कार्यकर्ता हैं, इसलिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की। प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने भी आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक को संबोधित करते हुए वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है और अब इन्हें जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की है।

बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।