धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र में खुद को बजरंग दल से जुड़ा और पुलिसकर्मी बताकर युवक से लूटपाट व अपहरण करने के मामले में पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास आडिल (22) और साहिल अली (23) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


रास्ता रोककर दी धमकी, की मारपीट

मामला 3 मार्च 2026 का है। छाती निवासी देवेंद्र कुमार मारकंडे अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन में बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे। इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को बजरंग दल से जुड़ा और पुलिसकर्मी बताते हुए देवेंद्र व उसके साथियों को धमकाया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।


युवक को अगवा कर 43,800 रुपये लूटे

आरोपियों ने देवेंद्र को जबरन कार में बैठाया और दुगली की ओर ले गए। रास्ते में उससे 13,800 रुपये नकद ले लिए गए। इसके अलावा PhonePe के जरिए 30 हजार रुपये भी जबरन ट्रांसफर कराए गए।

इस तरह आरोपियों ने कुल 43,800 रुपये की रकम लूट ली। घटना के बाद मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी।


तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार

पुलिस इस मामले में पहले ही ओमकार कुर्रे (40), चांद कुर्रे (19) और राहुल कुर्रे (26) को 6 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों पाईकभाठा, थाना सिहावा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और लूट की बची हुई नकदी जब्त की गई थी। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 7.58 लाख रुपये है।


लंबे समय से फरार थे दोनों आरोपी

विकास आडिल और साहिल अली घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों की तलाश कर घेराबंदी की और गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। उनके बताए अनुसार लूट की रकम में हिस्से के तौर पर मिली बची हुई नकदी भी बरामद की गई है।


BNS की कई धाराओं में कार्रवाई

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 127(2), 296, 115(2), 351(3), 140(3), 310(2) और 309(6) के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तारी के बाद दोनों को प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।