तिल्दा-नेवरा। गणेश पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो धारदार चाकू और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है।
तुलसी साईंधाम रोड और सिंचाई कॉलोनी में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में अड्डेबाजी, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान ग्राम तुलसी साईंधाम रोड और सिंचाई कॉलोनी तुलसी क्षेत्र में दो युवकों के सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर राहगीरों को डराने और भय का माहौल बनाने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनकी पहचान साहिल ध्रुव उर्फ लक्की और गणेश ध्रुव, निवासी ग्राम केवतरा, के रूप में हुई है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो धारदार चाकू बरामद किए गए। साथ ही उनके कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
गणेश पर्व को लेकर पुलिस की विशेष निगरानी
तिल्दा-नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि गणेश पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजों और चाकूबाजी जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों में भय पैदा करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





