महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने 18 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो स्कूटी और मोबाइल फोन समेत करीब 11 लाख 15 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद ओडिशा सीमा से लगे नेशनल हाईवे-53 स्थित अंतरराज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान दो स्कूटियों पर सवार संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई।
आरोपियों की पहचान बिहार निवासी दीपक कुमार साहनी और विशाल शाह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान स्कूटियों में छिपाकर रखा गया करीब 18 किलो गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर पंजाब में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने गांजा के साथ दोनों स्कूटियां और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





