बस्तर। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 673 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5.84 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर पहुंचाने की फिराक में थे।
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को सूचना मिली थी कि नगरनार थाना क्षेत्र के धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो संदिग्ध युवक बैग लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान ललित कुशुलिया और बिरन्ची गोरोडिया निवासी रायगढ़ा (ओडिशा) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके बैग से 10 पैकेटों में भरा 11 किलो 673 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 5 लाख 83 हजार 650 रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीएसपी सुमीत कुमार ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





