रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी अब 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी शुभकामनाएं
भारतीय टीम में चयन की खबर के बाद उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल दोनों खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली।
खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिला प्रशिक्षण
गीता यादव और मधु सिदार वर्तमान में बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां दोनों खिलाड़ी वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में अपनी प्रतिभा को निखार रही हैं। खेल विभाग का मानना है कि इस प्रशिक्षण ने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नई ऊंचाई दी है।
मधु सिदार ने मेहनत से तय किया टीम इंडिया तक का सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई। वह सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल, सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप और हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप सहित कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं।
प्रदेश में खुशी का माहौल
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में छत्तीसगढ़ की दो खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है और युवा खिलाड़ियों को भी इससे नई प्रेरणा मिल रही है।





