जशपुर, 4 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों मामलों में आरोप है कि आरोपियों ने शादी का वादा कर महिला और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।

विधवा महिला से शादी का वादा कर बनाया शारीरिक संबंध

पहला मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सत्यनारायण राम ने 27 वर्षीय विधवा महिला को शादी का भरोसा दिलाकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान महिला ने एक बच्चे को भी जन्म दिया। बाद में आरोपी ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर किया दुष्कर्म

दूसरा मामला तपकरा थाना क्षेत्र से सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदर्श भगत ने 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को प्रेम और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 137(2), 64(2)(m), 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं 4, 5 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।