अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में कथित गोवंश वध का मामला सामने आया है। ग्राम रजौटी के सान्याघुटरी जंगल में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से कथित गोमांस, पशु अवशेष और एक टांगी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 8 बजे सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ लोग गाय का वध कर मांस तैयार कर रहे हैं। इसके बाद सीतापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे। इस दौरान अजय कुमार कुजूर (45) और रंजीत कुजूर (27) को पकड़ लिया गया, जबकि विवेक खलखो समेत तीन लोग फरार हो गए।

500 रुपये में नीलामी से खरीदी गई थी गाय

पुलिस जांच में सामने आया है कि संबंधित गाय को नगर पंचायत सीतापुर की नीलामी से 500 रुपये में खरीदा गया था। पुलिस के मुताबिक, गाय को विवेक खलखो ने खरीदा था। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित रूप से बताया कि मांस का आपस में बंटवारा किया जाता था और बचा हुआ हिस्सा बेचने की तैयारी थी।

दोनों आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 325, 3(5) और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।