धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और सरकारी आवास दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में धमतरी पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पीड़ित को छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन आवंटित कराने का भरोसा देकर 9.08 लाख रुपये लेने का आरोप है।
होटल में हुई थी आरोपियों से मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत भानपुरी निवासी मनीष साहू (27) ने सिटी कोतवाली धमतरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में उसकी मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी।
आरोप है कि दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए पीड़ित का भरोसा जीता और गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन में आवास आवंटित कराने का दावा किया।
मंत्रालय ले जाकर बढ़ाया भरोसा
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए उसे महानदी भवन मंत्रालय तक भी ले गए। वहां आवास की कुल कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताई गई। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए किश्तों में कुल 9 लाख 8 हजार रुपये लेने का आरोप है।
आरोपियों ने पीड़ित से बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी लिए थे।
रकम मांगी तो लौटाए करीब तीन लाख रुपये
कुछ समय बाद आवास नहीं मिलने पर पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ। उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कथित तौर पर 2 लाख 98 हजार 999 रुपये लौटा दिए, जबकि शेष राशि वापस नहीं की गई।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने शशि प्रभा साहू (50) और अमित कुमार देवांगन (38) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।





