जशपुर। जिले में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर कोयला लदे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक के पिछले बंपर में फंस गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा जशपुर नगर के गिरांग मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
होटल से खाना लेकर जा रहा था युवक
मृतक की पहचान संजय राम रौतिया, निवासी गम्हरिया गांव, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह होटल से खाना लेकर बाइक से जकबा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक जशपुर से झारखंड की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक के पीछे जा टकराई।
ट्रक के बंपर में फंसी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइक कुछ दूरी तक ट्रक के साथ घिसटती चली गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक को गंभीर चोटें आईं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने जताई ट्रक के लहराने की आशंका
मृतक के परिजनों ने आशंका जताई है कि ट्रक के अचानक लहराने के कारण संजय घबरा गया होगा और बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है। पुलिस ट्रक और बाइक की स्थिति, सड़क की परिस्थितियों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




