जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कांसाबेल थाना क्षेत्र के घोघर गांव में सोमवार रात तेज हवाओं के चलते एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।


घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए कांसाबेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज आंधी और बारिश के कारण कई कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है।