राजनांदगांव। जिले में नेशनल हाईवे पर देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। लालबाग थाना क्षेत्र में राज इंपिरियल होटल के सामने तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने सड़क पर मौजूद गायों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 12 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 गायें गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सड़क पर मौजूद थीं करीब 20 गायें
जानकारी के मुताबिक, देर रात नेशनल हाईवे पर करीब 20 गायें मौजूद थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अज्ञात ट्रक ने मवेशियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर मृत और घायल मवेशियों को देखकर आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और गौ सेवक
घटना की जानकारी मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और गौ सेवक मौके पर पहुंचे। घायल गायों को उपचार दिलाने के प्रयास शुरू किए गए। वहीं, मृत मवेशियों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य करने की कार्रवाई की गई।
अज्ञात ट्रक चालक की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने की कोशिश की जा सकती है। हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर घूमने वाले बेसहारा मवेशियों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




